रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। बछरावां पुलिस और स्वॉट टीम ने सोमवार रात छापा मारकर सरगना समेत तीन असलहा तस्करों को मौके से दबोच लिया।
मौके से पुलिस ने 52 असलहे व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस की मानें तो यहां तैयार असलहे रायबरेली के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी सप्लाई किए जा रहे थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कौन-कौन लोग यहां से असलहे खरीदते थे। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
एसपी सुजाता सिंह ने बताया कि बछरावां एसओ जीडी शुक्ला और स्वॉट टीम प्रभारी राकेश सिंह ने क्षेत्र के उमरपुर गांव में छापा मारकर असलहा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी।
इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को दबोच लिया। इनकी पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मटिहा निवासी रमेश प्रजापति, अहियारायपुर निवासी चमन सोनकर, मिल एरिया थाना क्षेत्र के कल्लू का पुरवा निवासी शिवकुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
पकड़े गए बदमाशों में से रमेश सरगना है। वहीं एक आरोपी फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि छापे के समय भी यहां पर असलहे बनाए जा रहे थे।
मौके से 52 तमंचे मिले। इसके अलावा पांच अर्द्धनिर्मित तमंचे भी बरामद हुए। वहीं पांच बैरल, दो छोटे सिलेंडर, पांच किलो बारूद, 40 स्प्रिंग समेत अन्य उपकरण भी मिला है।
एसपी ने बताया कि ये लोग असलहा बनाने के बाद रायबरेली के अलावा प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी समेत अन्य जनपदों में सप्लाई करते थे।
यहां से असलहे खरीदने वाले लोगों के बारे में पहचान कराई जा रही है। एसपी ने बताया कि यूपी के कई जनपदों में यहां तैयार किए गए शस्त्रों को अपराधियों के हाथों बेचे जाने की बात सामने आई है।
जिले में पहली बार इतनी भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं। वहीं घटना का खुलासा करने वाली टीम को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन लखनऊ, पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 25-25 हजार रुपये और एसपी रायबरेली की ओर से दस हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया जाएगा।