सिपाही ने बुजुर्ग को पीटा, मौत पर हंगामा
डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बुजुर्ग की मौत के बाद बवाल हो गया। परिवारीजनों ने सिपाही की पिटाई से बुजुर्ग की मौत का आरोप लगाते हुए सीएचसी में जमकर हंगामा किया।
इसके बाद रायबरेली-परशदेपुर मार्ग जाम कर दिया। नाराज लोगों ने पुलिस को शव ले जाने से भी रोक दिया। उधर, बवाल बढ़ने पर कई थानों की फोर्स व पीएसी भी मौके पर पहुंच गई।
हालांकि किसी तरह पुलिस अफसरों ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन लेकर लोगों को शांत कराया। करीब दो घंटे तक हंगामा चला।
पुलिस ने मामले में सिपाही और मृतक के तीन सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। डीह के लोधवारी गांव निवासी मिश्रीलाल, रामनिधि, सिद्धनाथ, लाल बहादुर चार भाई हैं।
इन सभी की रायबरेली-परशदेपुर मार्ग स्थित भरतगंज बाजार में जमीन है। इस जमीन को लेकर चार भाइयों में अरसे से विवाद चल रहा है।
बताते हैं कि बुधवार को जमीन को लेकर भाइयों के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान किसी ने थाने में सूचना दे दी। इस पर बैंक ड्यूटी पर तैनात सिपाही फूल सिंह मौके पर पहुंच गया और सभी को थाने चलने की बात कही।
सिपाही मिश्रीलाल (62) को बाइक पर बैठाकर थाने ले जा रहा था। तभी रास्ते में मिश्रीलाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मिश्रीलाल की मौत की सूचना पर परिवारीजन और भारी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। सभी सीएचसी में हंगामा करने लगे।
पुलिस को शव कब्जे में लेने से इंकार कर दिया। गुस्साए लोगों ने रायबरेली-परशदेपुर रोड पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
परिवारीजनों का आरोप था कि सिपाही और भाइयों की पिटाई से मिश्रीलाल की मौत हुई है। सभी कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे।
उधर, सूचना पर डीह, सलोन समेत कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई। हंगामे बढ़ते देख पीएसी भी बुला ली गई। हालांकि सीओ सलोन शशिकांत यादव ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह मामला शांत कराया।
एसओ डीह राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि मृतक के बेटे सुनील कुमार की तहरीर पर सिपाही फूल सिंह और उसके तीन भाइयों सिद्धनाथ, रामनिधि, लाल बहादुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।