रंजिश में लगाई आग, खरही राख
जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार को रंजिश में एक व्यक्ति के घर के पास लगी खरही में आग लगा दी। इससे खरही में रखा मवेशियों का चारा जलकर राख हो गया। सूचना पर दमकल टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
जगतपुर के टीकर अगाचीपुर गांव निवासी गयाबख्श सिंह ने बताया कि घर के पास मवेशियों को खिलाने वाला भूसा, पैरा लगा है।
इसी में बुधवार तड़के गांव के एक युवक ने रंजिश में आग लगा दी। दमकल टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया वरना लपटें घर को भी अपने आगोश में ले लेतीं।
करीब दो हजार रुपये का नुकसान हुआ। पीड़ित का आरोप है कि आग लगवाने वाला आरोपी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी है। एसओ ओम प्रकाश सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। कार्रवाई होगी।