युवक ने शारदा में लगाई छलांग, तलाश जारी
तिलोई। मोहनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक ने शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक युवक पानी में डूब गया। नहर में लगे गेट को बंद कराकर उसकी खोजबीन शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चला। नहर किनारे मिली साइकिल से युवक की पहचान कराने में जुटी है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र से शारदा सहायक खंड 28 निकली है। सांगीपुर गांव के पास बने पुल के निकट साइकिल खड़ी करके एक युवक नहर में छलांग लगा दी। उसके नहर में छलांग लगाते देख आसपास के लोग उसे बचाने दौड़े, लेकिन वह पानी में डूब गया। सूचना पर मोहनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। तिलोई के निकट नहर में लगे गेट को बंद कराकर गोताखोरों से युवक की खोजबीन कराई, लेकिन देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका। प्रभारी एसओ बनारसी यादव ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है। मौके से मिली साइकिल के जरिये उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। ब्यूरो