हड़ताल पर 700 ग्राम रोजगार सेवक
रायबरेली। मानदेय न मिलने समेत अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को जिले भर के 700 ग्राम रोजगार सेवकों ने 18 ब्लॉकों के गेट पर ताला जड़कर वहीं धरने पर बैठ गए। अधिकारियों और कर्मचारियों तक को ब्लॉक के अंदर घुसने नहीं दिया और खदेड़ दिया। कामकाज ठप कर प्रदर्शन किया। किसी तरह समझाकर कई घंटे बाद गेट तो खुलवा दिए गए, लेकिन उनका धरना समाप्त नहीं हुआ। सभी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। संबंधित बीडीओ को ज्ञापन देकर अपनी मांगों को पूरा करने की मांग की। ऐसा न होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष समिति की अगुवाई में रोजगार सेवकों ने राही ब्लॉक गेट में ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। कौशलेंद्र मौर्य, रामजी अग्रहरि, सुनीता देवी आदि ने कहा कि मांगों को लेकर चुप नहीं बैठा जाएगा। धरने के बाद बीडीओ दिनेश कुमार मिश्रा को सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक सुबह रोजगार सेवकों ने ब्लॉक गेट पर ताला जड़ दिया। अधिकारियों व कर्मचारियों को अंदर जाने से रोक दिया। जनवरी से अब तक मानदेय न मिलने समेत अन्य मांगों को लेकर खूब नाराजगी जताई। तालाबंदी की जानकारी मिलने पर वीडियो सबींद्र सिंह ब्लॉक ही नहीं पहुंचे। सुरेश कुमार, अनुराग कुमार, अमृतलाल आदि का कहना था कि मानदेय नहीं मिल पा रहा है। इससे परिवार चलाना मुश्किल है। सभी ने बडे़ बाबू गंगा बाबू को ज्ञापन सौंपा।
डीह प्रतिनिधि के मुताबिक ग्राम रोजगार सेवकों ने डीह ब्लॉक मुख्यालय पर मेन गेट पर ताला बंद कर नारेबाजी की। ब्लॉक संयोजक राजभानु सिंह ने कहा कि 14वें वित्त आयोग योजना के क्रियान्वयन के लिए पंचायत सहायकों की भर्ती किया जा रहा, जो गलत है। ब्लॉक सह संयोजक ललित कुमार पांडेय ने कहा कि रोजगार सेवक ग्राम पंचायत स्तर पर सरकार की योजनाओं को संचालित करने का कार्य करते हैं, लेकिन उनकी उपेक्षा की जा रही है। इस मौके पर रेखा, रजनीश सिह, शैलेंद्र आदि मौजूद रहे।
खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक सुबह ग्राम रोजगार सेवक ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य गेट में ताला बंद कर वही पर धरने में बैठ गए। ग्राम रोजगार संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आयोजित इस ताला बंदी व धरना प्रदर्शन में खीरों ब्लॉक के समस्त ग्राम पंचायतों में तैनात रोजगार सेवकों ने प्रतिभाग किया। सभी ने खंड विकास अधिकारी नीरज श्रीवास्तव को अपनी मांगों का मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर कृष्ण कुमार, विवेक कुमार, समेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
शिवगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक रोजगार सेवकों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर बीडीओ कार्यालय गेट पर ताला जड़ दिया और प्रदर्शन किया। अधिकारियों, कर्मचारियों को बाहर खदेड़ दिया। ब्लॉक अध्यक्ष आशीष अवस्थी, सत्यप्रकाश वर्मा, किरण देवी, संगीता सिंह आदि ने बताया कि मांगों को लेकर चुप नहीं बैठा जाएगा। खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक विकास क्षेत्र सलोन के ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास कार्यालय तथा मनरेगा सेल कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री को संबोधित नौ सूत्री मांगों का ज्ञापन खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह को सौंपा। धरना प्रदर्शन में योगेश कुमार मौर्य, वीरेंद्र कुमार मौर्य, नीतू, मंजू सिंह आदि मौजूद रहे।
डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक ग्राम रोजगार सेवक संघ डलमऊ इकाई के रोजगार सेवकों ने विकास खंड डलमऊ के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। सभी ने रोजगार सेवकों को नियमित करके राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। बाद में खंड विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर महेंद्र सिंह, कुलदीप कुमार, प्रमोद कुमार, अनीता, रेखा आदि मौजूद रहे
परशदेपुर प्रतिनिधि के मुताबिक ग्राम रोजगार सेवकों ने छतोह ब्लॉक कार्यालय के मुख्य गेट का ताला बंद कर धरना प्रदर्शन। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष समिति के जिला प्रभारी राजकुमार की अगुवाई में सेवकों ने नारेबाजी की। इस मौके पर शशिधर त्रिपाठी, अरविंद कुमार, सीमा मौर्य आदि मौजूद रहे। महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक गेट पर ताला बंद करके रोजगार सेवकों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर सच्चिदनंद त्रिपाठी, उपेंद्र नाथ, पूनम यादव, आशा देवी आदि मौजूद रहीं।