जीएसटी से घबराएं नहीं व्यापारी
रायबरेली। उद्योग व्यापार मंडल रायबरेली और व्यापार कर कार्यालय के सहयोग से बुधवार को बुलाकीगंज गल्ला मंडी में मेगा कैंप लगाया गया। इसमें जीएसटी से संबंधित व्यापारियों में फैली भ्रांतियों व जीएसटी रजिस्ट्रेशन की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि मंडल के प्रदेश महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष पंकज मुरारका ने कहा कि व्यापारी समाज की ओर से दिए जाने वाले टैक्स की रकम गांव, शहर, प्रदेश और देश के विकास में लगती है।
व्यापारी समाज के इस योगदान को नकारा नहीं जा सकता। लखनऊ से आए व्यापार कर अधिकारी आरपी जायसवाल ने कहा कि जीएसटी से किसी भी छोटे-बड़े व्यापारी को परेशानी या किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। व्यापार कर के सभी अधिकारी व कर्मचारी व्यापारियों की किसी भी समस्या का हल निकालने का सार्थक प्रयास करेंगे।
व्यापार कर रायबरेली के शैलेंद्र कुमार मौर्या, एसडी खंडवन, रश्मि अवस्थी, उपेंद्र चौैधरी, रविंद्र कुमार ने भी व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला को-आर्डिनेटर फिरोज नूरी ने किया। सब्जी मंडी के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, महामंत्री सुशील तोलानी, सचिन गुप्ता ने आए हुए अधिकारियों का स्वागत किया।