खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से उपकेंद्र घेरा
खीरों (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के बेपटरी हुई बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। क्षेत्र के पाहो गांव का ट्रांसफार्मर 40 दिन से खराब है। कई बार शिकायत के बाद भी उसे बदला नहीं गया है। इससे उपभोक्ताओं को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। इससे नाराज लोगों ने बुधवार को खीरों उपकेंद्र का घेराव किया। नारेबाजी करने के साथ प्रदर्शन किया। अवर अभियंता रामनाथ ने शीघ्र समस्या के समाधान करने का आश्वासन देने के बाद सभी लोगों ने घेराव समाप्त किया।
पाहो गांव निवासी अभिषेक सिंह, मुन्ना सिंह, रणविजय सिंह, जीतेंद्र, शिवम, शुभम नीरज आदि उपभोक्ताओं ने बताया कि पाहो गांव का ट्रांसफार्मर 22 जून को खराब हो गया है। इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं आने से ग्रामीणों को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। इस ट्रांसफार्मर से गांव में दो दर्जन कनेक्शन हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को हो रही है। अवर अभियंता ने बताया कि वर्कशॉप बनने के ट्रांसफार्मर भेजा गया है। अब तक ट्रांसफार्मर की मरम्मत नहीं हो सकी है। जैसे ही ट्रांसफार्मर बन जाता है, उसे गांव में लगवा दिया जाएगा।