15 गांवों के ट्रांसफार्मर खराब, बिजली के लिए हाहाकार
इन्हौना (रायबरेली)। विद्युत उपकेंद्र सिंहपुर से जुड़े करीब 15 गांवों के ट्रांसफार्मर खराब हैं। इससे उपभोक्ताआें को बिना बिजली कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे, बूढे़, महिलाएं सभी बेहाल हैं। कोई ट्रांसफार्मर एक सप्ताह तो कोई 10 दिन से खराब है। इसके बावजूद पावर कॉर्पोरेशन के अफसर ट्रांसफार्मर को बदलवाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
बसंतपुर, सेमरहा, मैनझार पन्हौना, सातन पुरवा, कोटवारमऊ, खरगपुर, रिसालदार का पुरवा, खेखरुआ, टेढई, खरांवा, अवस्थी का पुरवा, उपाध्याय का पुरवा गांवों को विद्युत उपकेंद्र सेमरौता से बिजली की आपूर्ति होती है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से जहां किसान खेतों में धान की रोपाई नहीं कर पा रहे हैं, वहीं गर्मी भी लोगों को दो चार होना पड़ता है। उमस भरी गर्मी में रात गुजारने को लोग मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी शिकायत विभागीय अभियंताओं से की गई, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए हैं। उपभोक्ता सुनील सिंह, प्रमोद श्रीवास्तव, अभिमन्यु सिंह, दिलीप यादव, निरंकार, मोहित अवस्थी आदि ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए तो उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा। उधर, अवर अभियंता कुलदीप कुमार ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मरों की सूची बनाकर वर्कशॉप भेज दी गई है। ट्रांसफार्मरों की मरम्मत होने के बाद गांवों में लगवा दिए जाएंगे।