रायबरेली। पासिंग आउट परेड के अगले दिन सोमवार को 1078 सिपाहियों को जिले के 20 थानों पर तैनाती दे दी गई। एक माह तक यह सिपाही व्यवहारिक प्रशिक्षण के रूप में डयूटी करेंगे। सभी थाना प्रभारी के जरिए सिपाहियों को पुुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। पुलिस लाइन और 25वीं वाहिनी पीएसी में रविवार को पासिंग आउट परेड हुई थी। पुलिस लाइन में 490 और 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली में 588 रंगरूटों ने परेड में हिस्सा लिया था। परेड के साथ ही रंगरूटों को सिपाही का तगमा मिल गया था। एसपी रवि कुमार ने बताया कि सिपाहियों की सदर कोतवाली, भदोखर, हरचंदपुर समेत 20 थानों पर तैनाती की गई है। थानों पर स्टाफ की कमी दूर होने के साथ पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में और मदद मिलेगी।