रायबरेली। जिले में शत-प्रतिशत मतदान कराने के संकल्प को पूरा करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी बीड़ा उठाया है।
इसीलिए जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में पहले से गठित 350 मतदाता जागरूकता क्लबों को जिम्मेदारियां सौंप दी गईं हैं। यह क्लब अगले एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए अभिभावकों, रिश्तेदारों, आसपास के लोगों को जागरूक करने का काम करेंगे।
जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में करीब छह महीने पहले ही मतदाता जागरूकता क्लब का गठन कराया गया था, जिसमें प्रधानाचार्य या नामित शिक्षक को नोडल तथा एक शिक्षक को ब्रांड एंबेस्डर बनाने के साथ ही पांच जुझारू छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया था।
अब इन्हीं क्लबों के कंधों पर विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के साथ 6 मई को होने वाले मतदान के प्रति आम जनता को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जागरूकता का यह अभियान 3 मई तक चलेगा। अभियान की शुरुआत बुधवार को हो गई, जिसके तहत क्लबों ने लोकगीतों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
इसी तरह आगे भी नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण, मतदाता दौड़, अभिभावकों के साथ बैठक करके संरक्षकों और रिश्तेदारों को जागरूक करने की कोशिश की जाएगी।