महराजगंज (रायबरेली)। ब्लॉक सभागार में गत गुरुवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य की बैठक हुई। बैठक में एजेंडा भेजवाने के बाद भी जिले के निर्वाचित जन प्रतिनिधियों व उनके प्रतिनिधियों के न पहुंचने से ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों में तीखा आक्रोश व्यक्त किया।
सिंचाई, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित कई विभाग के अधिकारियों के गैरहाजिर रहने पर निंदा प्रस्ताव पास किया गया।
क्षेत्र पंचायत की बैठक में हंगामे के बीच करीब सात करोड़ के विकास कार्यों को पास किया गया। खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने बैठक में आए जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वह ग्राम पंचायत की विकास योजनाओं को परवान चलाएं। जो समस्याएं आएं, उनका निस्तारण करवाएं।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में अस्थाई गौशाला बनवाने का प्रस्ताव पारित किया। ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ा जाएगा। सभी गांवों में क्षेत्र पंचायत निधि से धन खर्च करके विकास कार्य कराया जाएगा। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य राम शंकर चौधरी आदि मौजूद रहे।