रायबरेली। स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के छापे में जिला अस्पताल में नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ के खिलाफ ऑपरेशन के नाम पर 18 हजार रुपये वसूलने का मामला पकड़ में आने के बाद सीएमओ नेे जांच के लिए तीन अधिकारियों की टीम गठित कर दी है।
टीम को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं, जिससे दोषी चिकित्सक व अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने बीती 22 दिसंबर को जिला अस्पताल में छापा मारा था। भदोखर क्षेत्र के कनौली गांव के देवेंद्र मौर्या ने मंत्री के सामने पेश होकर नाक कान गला (ईएनटी) रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवकुमार पर पत्नी गायत्री के गले के ऑपरेशन के नाम पर 18 हजार रुपये वसूलने की शिकायत की। मामले में मंत्री ने तुरंत ही सीएमओ को जांच कराकर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।
मंत्री के आदेश पर बुधवार को सीएमओ ने चिकित्सक के खिलाफ जांच के लिए समिति गठित कर दी है। जांच टीम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्णा सोनकर, एसीएमओ डॉ. खालिद रिजवान और जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीरबल की टीम गठित कर दी है।
टीम को जांच करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल के ईएनटी डॉ. शिवकुमार के खिलाफ जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है।