रायबरेली। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अन्न योजना के लिए 3945 गरीबों को चुना गया है। इन सभी पात्रों को सस्ती दर पर राशन उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के लाभ के लिए जिले में 4572 गरीबों ने आवेदन किया था, लेकिन जांच में 627 आवेदक पात्रता नहीं दिखा पाए, इसलिए उनके आवेदनों को निरस्त कर दिया गया। पात्र पाए गए आवेदनों की फीडिंग कराकर लाभार्थियों को दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो चावल दिया जाएगा।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गरीब को अन्न योजना के लिए अभियान चलाकर पात्रों के आवेदन पत्र भरवाए गए। जिले की ग्राम पंचायतों में 4572 गरीबों ने योजना के लाभ के लिए आवेदन किया। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों की ओर से लगातार पात्रता की जांच की गई तो 627 गरीब तय मानकों पर खरे नहीं उतरे, इसलिए उनके आवेदनों को निरस्त कर दिया गया। शेष 3945 लाभार्थियों के आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग कराकर उन्हें सस्ते रेट में राशन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राशन न मिले तो यह नंबर मिलाएं
कोटे की दुकानों पर पूरा राशन न मिलने और विभाग द्वारा मनमाने तरीके से कार्ड काटने की शिकायत खाद्य तथा रसद विभाग की हेल्पलाइन नंबर 18001800150 पर दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत यही पाए जाने पर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी केएन सिंह ने कहा कि गरीब को अन्न योजना के तहत जिले में 3945 गरीबों का चयन किया गया है। इन लाभार्थियों के आवेदनों की फीडिंग कराकर सूची कोटेदारों को उपलब्ध करा दी गई है। सभी कार्डधारकों को दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो चावल मिलेगा।