सरेनी (रायबरेली)। भूमि विवाद में रविवार को एक बेटे ने पिता को ही फावड़े से काट डाला। सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
मामला सरेनी क्षेत्र के भींटी गांव का है। सूचना पाकर मौके पर एसओ ने घटना की पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
भींटी निवासी शिवानंद सिंह (70) रविवार सुबह 7 बजे बाग में आम बीनने गया था। इसी बीच उसका बेटा रमेश भी वहां पहुंच गया।
शिवानंद ने बेटे रमेश को आम बीनने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद शुरू हो गया। इससे गुस्साए रमेश ने पिता के सिर पर फावडे़ से ताबड़तोड़ तीन प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
उधर, शोर सुनकर आसपास के लोग और परिवारीजन भी मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ बुजुर्ग को सरेनी सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल ले जाते समय शिवानंद ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एसओ राकेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आम बीनने के विवाद में मर्डर किया गया है। आरोपी रमेश को हिरासत में ले लिया गया है। केस दर्ज करने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।