आठ घंटे गुल रही आधे शहर की बत्ती
रायबरेली। भीषण गर्मी में शहर की बिजली आठ घंटे गुल रही। इससे यहां की करीब एक लाख आबादी पानी के संकट से भी जूझी।
अचानक सुबह-सुबह आपूर्ति गुल होने से लोग परेशान हो गए। बाद में पता चला कि रेलवे ने विद्युतीकरण के लिए चार घंटे का शट डाउन लिया था लेकिन काम पूरा होने में करीब आठ घंटे लग गए।
इसकी जानकारी पहले से नागरिकों को न देने से लोगों में जबरदस्त नाराजगी रही। सुबह 8 बजे गुल हुई बिजली शाम करीब चार बहाल हो सकी।
शहर के तेलियाकोट उपकेंद्र से निकले रायपुर और तेलियाकोट फीडरों की बिजली आपूर्ति बिना किसी पूर्व सूचना के सुबह आठ बजे बंद कर दी गई।
सुबह-सुबह बिजली गुल होने के बाद लोग घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन जब काफी समय तक बिजली नहीं तो आई तो पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों से पता किया बताया गया कि शहर के चंपा देवी मंदिर के पास रेल लाइन के विद्युतीकरण का काम चल रहा है। दोपहर 12 बजे बिजली आएगी, लेकिन शाम के चार बजे बिजली बहाल हो सकी।