11 लाख गरीबों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज
रायबरेली। दो साल पहले तक चली राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना अब बदले रूप में प्रभावी ढंग से गरीबाें तक पहुंचेगी। गुरुवार को पेश आम बजट में योजना के तहत अब पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मुहैया कराने की घोषणा की गई है।
पूर्व में गरीबों को 30 हजार रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा थी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अब जिले के करीब चार लाख परिवारों से जुड़े 11 लाख गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
पूर्व में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत जिले के गरीबों को सरकारी और विभाग से संबद्ध अस्पतालों में 30 हजार रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई थी। पिछले दो साल से यह सुविधा गरीबों को नहीं मिल पा रही है।
गरीबों के इलाज के नाम पर जमकर मनमानी होने के बाद योजना को बंद कर दिया गया था। जिले में फर्जी लोगाें को स्मार्ट कार्ड जारी कर योजना का लाभ देने की शिकायतें थीं।
अब गुरुवार को केंद्र सरकार ने आम बजट में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। योजना के तहत पहले 30 हजार के मुफ्त इलाज की सुविधा थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया गया है।
इस व्यवस्था से ऐसे रोगियों को लाभ मिलेगा जिनका इलाज रुपयों के अभाव में नहीं हो पा रहा था। जिले में करीब चार लाख गरीबों के परिवार में शामिल 11 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त इलाज का लाभ मिलेगा।