बारिश से रायबरेली-लखनऊ रेलखंड ट्रैक धंसने का अंदेशा
हरचंदपुर (रायबरेली)। कई दिन से हो रही बारिश के कारण लखनऊ-रायबरेली रेलखंड पर नवनिर्मित पुल (अंडर पास) की मिट्टी धंसने से ट्रैक क्षतिग्रस्त होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। इसकी सूचना मिलने से गुरुवार को रेल अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीवी के जरिए मिट्टी भराने का कार्य शुरू किया। इस बीच रेलखंड से कॉसन के जरिए धीमी गति से ट्रेनें निकाली जा रही हैं। आरपीएफ भी ट्रैक की निगरानी कर रही है। यह अंडर पास करीब दो सप्ताह पहले ही बनाया गया है।
लखनऊ-रायबरेली रेलखंड पर गेट संख्या 162 सी के पास हाल ही में अंडर पास का निर्माण कराया गया है। लगातार हो रही बारिश से नवनिर्मित पुल के आसपास ट्रैक के किनारे की मिट्टी धंसने लगी। मिट्टी कटान रोकने के लिए लगाई गई बोरियां मिट्रटी के साथ बाहर आ गईं। इससे ट्रैक के क्षतिग्रस्त होने का खतरा उत्पन्न हो गया। ट्रैक के आसपास मिट्टी धंसने की सूचना पर हरकत में आए रेल प्रशासन की ओर से मरम्मत का कार्य शुरू कराया। इस बीच ट्रैक पर चल रहे कार्य के चलते धीमी गति से जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल समेत अन्य रेल गाड़ियों को कासन पर गतंव्य स्थान के लिए रवाना किया गया। सहायक स्टेशन मास्टर रविशंकर ने बताया कि सुबह 9.30 से कॉसन के जरिए ट्रेनें निकाली जा रही हैं। मरम्मत का कार्य चल रहा है। आरपीएफ इंचार्ज प्रताप सिंह नेगी का कहना है कि ट्रैक पर नजर रखी जा रही है।