किसी भी दिन आ सकते हैं सीएम, रहें सतर्क
- डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर किया अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी किसी भी दिन जिले का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। वे किस दिन आएंगे। किस समय आएंगे, कहां जाएंगे, किस विभाग का निरीक्षण करेंगे। यह सब पूरी तरह से गोपनीय है। डीएम अभय सिंह ने विभागाध्यक्षों को पत्र जारी करके न सिर्फ अलर्ट रहने को कहा है, बल्कि अभिलेखों को दुरुस्त रखने के साथ सफाई व्यवस्था ठीक रखने का फरमान जारी किया है। जारी पत्र में कहा गया है कि सीएम कहीं का भी भ्रमण और निरीक्षण कर सकते हैं।
डीएम की ओर से 7 जून को जारी पत्र में कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने तथा फील्ड स्तर के सभी कामों को दुरुस्त रखें। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। हर अधिकारी पूरी तरह से काम के प्रति सतर्क रहे। सभी खंड विकास अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष कार्यालयों की विधिवत साफ-सफाई करा दें और स्वयं निरीक्षण करके अभिलेखों को ठीक ढंग से रखवाएं। डीएम ने पत्र के जरिए एसपी, सीडीओ, एडीएम प्रशासन एवं वित्त, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला-पुरुष समेत सभी जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी सतर्क कर दिया है।