ऊंचाहार (रायबरेली)। डलमऊ पंप कैनाल से एनटीपीसी परियोजना को पानी आपूर्ति के लिए गंग नहर निकली है। रविवार शाम क्षेत्र के गोपालपुर उधवन गांव के पास पटरी में रिसाव हो गया। नहर का रिसाव बंद न होने से रात में पटरी कट गई और नहर का पानी खेत में जाने लगा। सोमवार सुबह करीब 100 बीघे खेतों में पानी भर गया।
किसानों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग व तहसील के अधिकारियों को दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। नहर कटने से किसान सोहनलाल, ऊदल, सचिन जायसवाल, राम आसरे, उमेश, राजकुमार व सुमित्रा, सुखलाल, सीताराम, राजाराम, छेदीलाल, राजेंद्र कुमार, धनपत देवी, गुलशन कुमार, विजय कुमार, लालजी व गोलू कश्यप समेत अन्य की लगभग 100 बीघे गेहूं, उड़द व मूंग की फसल में पानी भर गया है।
किसानों ने बताया कि कि पानी भरने से गेहूं की कटी फसल डूबी गई है, जबकि उड़द का बीज सड़ने से फसल नहीं उगेगी। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है। नहर पटरी दुरुस्त कराई जा रही है।
अभियंता नहीं उठाते मोबाइल
गांव के किसानों ने बताया कि सिंचाई विभाग के अभियंता इतना निरंकुश हैं कि किसानों का फोन तक नहीं उठाते। सिंचाई खंड दक्षिणी के अधिशाषी अभियंता व अवर अभियंता के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन अधिकारियों ने फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझा। यही वजह है कि नहर कटने की सूचना समय पर नहीं हो पाती है। इससे किसानों में गुस्सा है।