रायबरेली। नगर पालिका और नगर निकायों में घर की इच्छा रखने वाले लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिलेगा। इसके लिए 10 हजार से अधिक लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इसके बाद डूडा के स्तर से आवेदकों की पात्रता की जांच शुरू करा दी गई है। तहसील, नगर निकाय और डूडा की टीम पात्रों की जांच में जुट गई है। अब तक हुई जांच में 288 पात्रों को ही आवास के लिए चिन्हित किया गया है।
डूडा के परियोजना अधिकारी शशि कुमार महरोत्रा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में ऑनलाइन आवेदन करने वालों की पात्रता की जांच करके आवास देने का प्रयास किया जा रहा है। शासन की मंशा पर शहरी क्षेत्र के पात्र लोग आवास के लिए आवेदन कर सकते हैं। बताया कि अब तक शहरी क्षेत्र के 10 हजार से अधिक लोगों ने अब तक योजना का लाभ फायदा पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।
आवेदन आने के बाद तैयार सूची को नगर निकायों में भेजकर पात्रता की जांच कराई जा रही है। अब तक 288 पात्रों को चयनित किया गया है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी कराकर पात्रों को आवास देने का काम शुरू होगा। ऑनलाइन आवेदनों में सभी औपचारिकताएं पूरी करने वाले पात्रों के फॉर्मों को ही जांच में शामिल किया जाएगा।