फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : शनिवार को होगी इंदिरा मैराथन, पूर्व चैंपियन धावक भी लेंगे हिस्सा, यह है तैयारी

Thu, 17 Nov 2022 08:32 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

यह पूरी दौड़ 42.195 किलोमीटर की होगी। मैराथन दौड़ में पहले स्थान पर आने वाले धावक को दो लाख रुपये का पुरस्कार दूसरे स्थान पर आने वाले धावक को एक लाख का पुरस्कार और तीसरे स्थान पर आने वाले धावक को 75000 का इनाम दिया जाएगा।
विज्ञापन
Prayagraj News : इंदिरा मैराथन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली इंदिरा मैराथन का 37वां संस्करण शनिवार को होगा। बृहस्पतिवार को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में स्थित क्षेत्रीय खेल कार्यालय में जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने प्रेसवार्ता करते हुए आयोजन से जुड़ी तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मैराथन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है, मैराथन को जिला प्रशासन व खेल विभाग बेहद भव्य बनाएगा।

विज्ञापन



कहा कि यह शहर का प्रमुख आयोजन है, इसमें किसी भी तरह की कोई कमी किसी भी स्तर पर नहीं होगी। उनके साथ प्रेसवार्ता के दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी विमला सिंह, रुस्तम खान व देवी प्रसाद समेत खेल कार्यालय के कई अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन से जुड़ी तैयारियों के बारे में जानकारी दी। 


इस रूट पर होगी मैराथन 
इंदिरा मैराथन के रूट में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। यह प्रतियोगिता पिछले साल के रूट पर ही आयोजित होगी। मैराथन की शुरूआत आनंद भवन से होगी, जिसके बाद स्वराज भवन, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, आयुक्त आवास, एसीसी हेड क्वार्टर, आर्मी रेड ईगल स्टेडियम, महर्षि पतांजलि, ट्रैफिक लाइन, म्योहाल चौराहा, धोबीघाट चौराहा, एजी भवन, बार काउंसिल, पोलो ग्राउंड, हाईकोर्ट, अंबेडकर चौराहा, पत्थर गिरजाघर, सुभाष चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, मेडिकल चौराहा, सीएमपी डाटपुल, चुंगी, बैहराना चौराहा, नया पुल से होते हुए रीवां रोड पर पहुंचेगी। रीवा रोड पर धावक दौड़ते हुए दांदूपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप तक पहुंचेंगे, जहां से वापसी होते हुए धावक पुन: नए यमुना पुल व हनुमान मंदिर चौराहे तक उसी मार्ग से आएंगे और सेंट जोसेफ स्कूल के सामने वाले चंद्रशेखर आजाद पार्क के प्रमुख द्वार (गेट संख्या-1) से प्रवेश कर स्टेडियम का एक चक्कर लगाकर दौड़ को पूरा करेंगे। 

विज्ञापन

नौ लाख सत्तर हजार रूपये का नकद मिलेगा इनाम 
मैराथन के विजेता धावकों को खेल विभाग की ओर से नकद पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। मैराथन में पहले स्थान पर आने वाले पुरुष व महिला धावक को दो-दो लाख रूपये, द्वितीय स्थान पर आने वाले धावकों को एक-एक लाख रूपये और तीसरे स्थान पर आने वाले धावकों को 75-75 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही चौथे स्थान से लेकर 14वें स्थान तक के धावकों को सांत्वना राशि के तहत दस-दस हजार रूपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। यह कुल राशि नौ लाख सत्तर हजार रूपये है। 


20 वर्ष के ऊपर के धावक ले सकते हैं हिस्सा, आज आखिरी मौका
इंदिरा मैराथन में हिस्सा लेने के लिए धावकों का 20 वर्ष के उपर का होना जरूरी है। पंजीकरण का शुक्रवार को आखिरी दिन है, ऐसे में इच्छुक धावकों के पास आज पंजीकरण कराने का आखिरी मौका है। 

आज से मिलेगी इलेक्ट्रॉनिक चिप
मैराथन में हिस्सा लेने वाले धावकों को शुक्रवार को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में इलेक्ट्रॉनिक चिप लेने के लिए पहुंचना होगा। बिना इलेक्ट्रॉनिक चिप के कोई भी धावक दौड़ में हिस्सा नहीं ले सकेगा। 


बनाए जाएंगे जल व जलपान बूथ 
मैराथन मार्ग में क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से धावकों के लिए सात बूथों पर जल और नौ बूथों पर जलपान की भी व्यवस्था की गई है। 

एंबुलेंस और इंडीकेटर्स बोर्ड की व्यवस्था 
मैराथन के धावकों की सुरक्षा के उद्देश्य से चिकित्सकों की टीम भी मैराथन मार्ग पर मौजूद रहेंगी, साथ ही आपातकालीन स्थिति के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। धावकों के साथ किसी भी तरह की अनहोनी होने पर तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उसे अस्पताल पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा धावकों को रूट के सही मार्गदर्शन व शेष दौड़ की जानकारी देने के लिए प्रत्येक किमी पर इंडीकेटर्स बोर्ड के साथ एनसीसी कैडेट्स के सदस्य खड़े रहेंगे। 


स्टेडियम में मिलेगी पल-पल की जानकारी 
मैराथन में कौन सा धावक आगे चल रहा है और पिछले विजेता खिलाड़ियों की क्या स्थिति है, इसकी जानकारी स्टेडियम में खेलप्रेमियों को माइक के माध्यम से बताया जाता रहेगा। जिससे दर्शकों का उत्साहवर्धन होगा और वह पूरी मैराथन से खुद को जुड़ा हुआ पाएंगे। 

हर धावक पर होगी पैनी नजर
मैराथन में दौड़ने वाले हर धावक पर खेल विभाग की पैनी नजर रहेगी। इसके लिए हर धावक को इलेक्ट्रानिक चिप व बिब नं. शुक्रवार को प्रदान कर दी जाएगी। धावक की दौड़ पूरी होने पर इलेक्ट्रानिक चिप के सहारे उनकी दूरी और बिब नं. पर हर चेक पोस्ट पर अंकित किए गए रिकार्ड से उनका मिलान किया जाएगा। ऐसे में कोई भी धावक बीच रास्ते से वापस नहीं आ सकेगा। 


मैराथन के दौरान वाहनों का प्रवेश रहेगा वर्जित
मैराथन में भाग लेने वाले धावकों के साथ कोई भी व्यक्तिगत वाहन लेकर नहीं चल सकेगा। मैराथन रूट पर केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश मिलेगा, जोकि आयोजकों की अनुमति से चिन्हित रहेगी। 

सुबह साढे़ छह बजे उद्घाटन समापन दोपहर ढाई बजे 
मैराथन दौड़ का उद्घाटन आनंद भवन पर सुबह साढ़े छह बजे होगा, जिसको हरी झंडी खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव दिखाएंगे। इसके बाद विजेताओं के सम्मान के लिए दोपहर ढ़ाई बजे समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें खेलमंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे। 


यातायात डायवर्जन दो भागों में
मैराथन की दौड़ के लिए दो भागों में यातायात का डायवर्जन किया जाएगा। पहला डायवर्जन सुबह छह बजे से सवा आठ बजे का होगा, जहां पर पुन: धावकों को वापस नहीं आना होगा। इसके अलावा दूसरा डायवर्जन सुबह छह बजे से लेकर 11 बजे का होगा, यह वह मार्ग होगा जहां से धावकों को वापस आना है। 

स्टेडियम में तैयार किया जा रहा मंच
मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में खेल मैदान के बीच समापन समारोह के लिए मंच तैयार किया जा रहा है। इस मंच पर ही अतिथि होंगे और कार्यक्रम का संचालन भी यहीं से किया जाएगा। मंच का स्थान स्टेडियम गेट के ठीक सामने तैयार किया जा रहा है। 

इन विजेता धावकों के आने की है संभावना 
मैराथन में वर्ष 2021 व 2019 संस्करण में तीसरे स्थान पर रहने वाले धावक हेतराम के साथ-साथ विश्वस्तर के धावक गोपीजी व सुधा सिंह के भी शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही शेर सिंह और नीरज के आने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। खेल कार्यालय से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि इन धावकों से संपर्क साधा गया है जिन्होंने आने की हामी भी भरी है, हालांकि शुक्रवार तक ही स्थिति साफ हो पाएगी कि कौन-कौन से धावक इस प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं। 
विज्ञापन

अबतक कुल 255 धावकों ने कराया है पंजीकरण 
मैराथन में हिस्सा लेने के लिए अबतक कुल 255 धावकों ने अपना पंजीकरण कराया है। इनमें 211 पुरुष धावक व 44 महिला धावक शामिल हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी के अनुसार क्रास कंट्री का आयोजन न होने से धावकों की संख्या में कमी हुई है, हालांकि फिर भी  लगभग 500 धावकों के हिस्सा लेने की संभावना है। गैर जनपद व गैर राज्य के धावकों की इंट्री शुक्रवार को ही आएगी, वह अंतिम क्षणों में ही अपना पंजीकरण कराते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें