दस दिन पहले परदेश से लौटा था घर
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीगंज। मुंबई से दस दिन पहले कमाकर लौटे राजापुर देवापट्टी के विवेक की शनिवार की रात संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजन उसकी हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मौत की वजह स्पष्ट न होने पर बिसरा जांच के लिए सुरिक्षत कर लिया गया है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर देवापट्टी निवासी गीता का आरोप है कि पड़ोसी गांव की एक युवती से उसका बेटा विवेक प्रेम करता था। शनिवार की शाम वह घायल अवस्था में घर से कुछ दूर मिला। उसकी हालत देख परिजन उसे लेकर सीएचसी भागे। पूछताछ के दौरान विवेक ने बताया कि प्रेमिका ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। उसे कुछ खाने के लिए दिया था, तभी उसके परिजन आ गए। उन लोगों ने उसे पीटने के बाद मृत समझकर फेंक दिया। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। एसओ सर्वेश सिंह ने बताया कि युवक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की जांच की जा रही है।