चचेरे भाई के साथ बाइक से आगरा घूमने गए युवक की उन्नाव जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि, चचेरे भाई की भी हालत गंभीर बनीं हुई है।
देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ बाजार निवासी तपस्वी सोनी का बेटा मुकेश सोनी (30) अपने चचेरे भाई विपिन (17) के साथ बाइक से शनिवार को आगरा घूमने के लिए निकले थे। आगरा में घूमने के बाद दोनों मंगलवार को बाइक से घर लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह 10 बजे उन्नाव जिले में आगरा एक्सप्रेस-वे पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल उन्नाव भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि विपिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर , घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी संध्या और मां गीता देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतका की एक सात माह की बेटी है। मुकेश अमरगढ़ बाजार में पोस्ट ऑफिस के बगल सराफ की दुकान खोल रखा था। आवास पर अमरगढ़ व्यापार मंडल अध्यक्ष बच्चा जायसवाल ,रंजीत सोनी अधिवक्ता समेत अन्य लोगों ने पहुंचकर संवेदना जताई।