मजदूरी करने गया किशोर ठेला लेकर पलट गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। खबर मिलने पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाघराय थाना क्षेत्र के काशीपुर डुबकी भोला का पुरवा निवासी धर्मेंद्र सरोज (18) पुत्र रामकेश सरोज अपने पड़ोसी केवल का पुरवा सरायइंद्रावत निवासी अशोक कुमार के साथ मजदूरी करने के लिए अंतू रेलवे स्टेशन के करीब बन रही सड़क पर काम करने के लिए 14 मई को निकला था। बुधवार को वह ठेले पर गिट्टी लादकर ढो रहा था।
सड़क पर ढाल होने के कारण रिक्शा अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। जिससे धर्मेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई। घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पड़ोसी अशोक कुमार उसका शव लेकर घर पहुंचा। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नौ साल पहले पिता की मौत के बाद धर्मेंद्र अपनी मां कांति देवी को तकलीफ कम देने के लिए खुद काम करने लगा था। वह मजदूरी कर अपनी मां, भाई अरुण कुमार व शिवा सरोज का भरण पोषण करता था। बेटे की मौत के बाद मां कांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।