लालगंज कोतवाली के पूरे बंशी गांव निवासी लवकुश वर्मा (24) की सोमवार देर शाम ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आने से मौत हो गई। वह खेत से धान की कटाई के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहा था। रात करीब आठ बजे खेत की मेड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। इस दौरान लवकुश संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा और पहिये की चपेट में आ गया।
गंभीर रूप से घायल लवकुश को परिजन लालगंज ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से मां फोटो देवी सहित परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।