संग्रामगढ़ के नेवादा कला में बृहस्पतिवार रात 10 बजे हमलावरों ने बाइक सवार युवक को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
चकेड़ी भीट निवासी राहुल मिश्रा (27) नेवादा कला बाजार किसी काम से गया था। पिता संतोष मिश्रा के अनुसार, लौटते समय नेवादा कला बाजार में रात में अज्ञात हमलावरों ने उसकी बाइक रोक ली। कारण पूछने पर हमलावरों ने सरेराह युवक को लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर लात-घूंसों से पीटा गया। स्थानीय लोगों को आते देख हमलावर युवक जख्मी कर भाग निकले। पिता के साथ पहुंचे घर के अन्य लोग युवक को गंभीर हालत में पास के एक अस्पताल ले गए।
इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की देर रात युवक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो घर वाले बिलख पड़े।
वर्जन-
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल को अस्पताल भिजवाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। -
शिवनारायण वैस, सीओ कुंडा