जनता एक्सप्रेस से सीट को लेकर हुए विवाद में युवक को ट्रेन से नीचे उतारकर पिटाई करने के वीडियो ने रेल महकमे में हड़कंप मचा दिया है। घटना के दौरान सफर कर रहे यात्री भी सहमे रहे। जांच करने पहुंची पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ शिकायत करने वालों को खोजती रही।
फतनपुर थाना क्षेत्र के गौरा रेलवे स्टेशन पर रविवार की सुबह वाराणसी से देहरादून जा रही जनता एक्सप्रेस में दो पक्षों के बीच सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। करीब साढ़े दस बजे ट्रेन आकर गौरा स्टेशन पर रुकी। स्थानीय लोगों के अनुसार इस बीच पहले से खड़े करीब दस की संख्या में युवक कोच में चढ़े। वे कोच से यात्रा कर रहे युवक को घसीटकर नीचे उतार लिए। ट्रेन से उतारने के बाद उसे दौड़ाकर पीटने लगे। वह जान बचाने के लिए गुहार लगाता रहा लेकिन कोई सामने नहीं आया। अफरा-तफरी के बीच ट्रेन से सफर करने वाले लोग सहमे रहे। यात्रा कर रहे युवक की पिटाई करने के बाद कई हमलावर ट्रेन पर ही बैठकर चले गए। घटनाक्रम का किसी यात्री ने वीडियो बना लिया। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन किसी के कुछ न बताने पर वापस लौट गई। फतनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही का कहना है कि किसी ने शिकायत नहीं की है। यात्रियों ने आपस में ही मारपीट की होगी। वहीं आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिल कुमार का कहना है कि घटनास्थल पर उपनिरीक्षक को जांच के लिए भेजा गया है। जो घटनास्थल वीडियो में दिख रहा है। उसकी पुष्टि नहीं हो पा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों की सुरक्षा में मुस्तैद पुलिसकर्मी नजर नहीं आए
बीरापुर। ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी की सचल दल टीम चलती है। 15 सेकंड के वायरल वीडियो में यह नजर आ रहा है कि मारपीट करने वाले युवक किस कदर उत्तेजित हैं। जो यात्रियों की ओर धमकाने का इशारा कर रहे हैं। घटना के दौरान ट्रेन पर चलने वाले पुलिसकर्मी दूर-दूर तक नजर नहीं आए।