सदर तहसील परिसर में पानी की टंकी पर चढ़े युवक के चढ़ने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : PRATAPGARH
पिटाई से घायल युवक को इंसाफ दिलाने के बजाए कोतवाली पुलिस ने फटकार कर भगा दिया। जिससे नाराज होकर वह सदर तहसील परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। वह जान देने की धमकी दे रहा था। पुलिसकर्मी उसे समझाते रहे, लेकिन वह हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद ही नीचे उतरने की जिद पर अड़ा था। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी शर्मा ने उसे समझाकर नीचे उतारा। उसे कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
नगर कोतवाली के बेगमवार्ड निवासी समीर उर्फ बाबू (29) का आरोप है कि सोमवार की रात पड़ोस के लोगों ने उसे घर में घुसकर पीटा। बाद में उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। समीर का आरोप है कि वह मंगलवार को शिकायत लेकर कोतवाली आया। पुलिसकर्मियों ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे फटकार कर भगा दिया। जिससे नाराज होकर वह सदर तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया।
जोर-जोर से चिल्लाते हुए नीचे कूदने की धमकी देता रहा। वहां देखते ही देखते मजमा जुट गया। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस भी आ गई। पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अतुल शर्मा ने उसे भरोसा दिलाया कि उस पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
वह नीचे आकर उन लोगों के नाम बताए। सीओ सिटी के समझाने पर समीर नीचे उतरा। कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी अतुल शर्मा ने बताया कि समीर की मानसिक हालत ठीक नहीं है। फिलहाल अभी उसे कोतवाली में रखा गया है। यदि वह तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।