मेडिकल कॉलेज की एक्सरे मशीन बीमार पड़ गई है। इससे मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। मरीजों को मजबूरन निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ रही है।
सप्ताह भर पहले एक्सरे मशीन के प्रिंटर में खराबी आ गई थी। एक्सरे कराने वाले मरीजों से फीस तो पूरी ली जा रहा थी, लेकिन रिपोर्ट मोबाइल पर दी जी रही थी। जिन मरीजों के पास स्मार्टफोन नहीं होते थे, उन्हें रिपोर्ट मिलने में परेशानी होती थी। अब पिछले तीन दिनों से एक्सरे मशीन ने काम करना बंद कर दिया है। इससे मरीजों की परेशानी और बढ़ गई।
एक्सरे जांच कराने के लिए निजी सेंटर पर जाना पड़ रहा है। सरकारी में जिस जांच के लिए 60 रुपये शुल्क देना पड़ता था, उसी जांच के लिए निजी सेंटर पर तीन सौ रुपये तक देना पड़ रहा है। सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा ने कहा कि तकनीकी खराबी के चलते एक्सरे मशीन काम नहीं कर रही है। लखनऊ से मैकेनिक को बुलाया गया है।
मैं डॉ. सचिन के पास अपना इलाज कराने गया। उन्होंने एक्सरे कराने के लिए लिख दिया हे। एक्सरे कराने के लिए जब कक्ष में गया तो मशीन में खराबी बताकर वापस लौटा दिया गया।
अनिल श्रीवास्तव, रानीगंज
चोट लगने के कारण कमर में दर्द है। डॉक्टर ने एक्सरे कराने की सलाह दी है। एक्सरे कराने पहुंची तो मशीन में खराबी बताकर वापस लौटा दिया गया। निजी सेंटर पर तीन सौ रुपये जांच के नाम पर मांग रहे हैं।
नेहा, राजगढ़।