लाक डाउन के दौरान एसपी कार्यालय के समीप खुली दुकान।
- फोटो : PRATAPGARH
लॉकडाउन में खुली समोसे की दुकान बंद कराने सरायशंकर पहुंचे सिपाहियों को महिलाओं संग दुकानदार ने दौड़ा लिया। सिपाही किसी तरह वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने मौके से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने बाद में एक का शांतिभंग में चालान कर दिया।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सरायशंकर गांव में लॉकडाउन के दौरान रविवार को बंदी के बावजूद चाय-समोसे की दुकान खुली थी। इसकी जानकारी होने पर सिपाही आशीष व दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के अनुसार सिपाहियों ने दुकान बंद करने के लिए कहा। जिसे लेकर दुकानदार सिपाहियों से भिड़ गया। विवाद के दौरान ही महिलाएं हाथ में लाठी-डंडे लेकर आ गईं। देखते ही देखते महिलाओं संग दुकानदार ने सिपाहियों को दौड़ा लिया। दोनों सिपाहियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस दो लोगों को पकड़कर थाने ले आई। बाद में एक को छोड़ दिया। जबकि एक व्यक्ति का शांतिभंग में चालान कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकान बंद कराने को लेकर सिपाहियों से केवल नोकझोंक हुई थी। जिसने सिपाहियों से विवाद किया था, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।