घटना के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला।
सूचना मिलने पर बाघराय थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडेय फोर्स के साथ पहंचे। इस बीच सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता फारेंसिक टीम लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की गहराई से छानबीन के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। सूचना मिलने पर पति बाबर भी रोते बिलखते घर पहुंचा। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने हत्या का आरोप रिश्तेदारों पर लगाया। कहा कि वे लोग संपत्ति अपने नाम करने की जिद कर रहे थे। मना करने पर जान से मारने की धमकी भी देते थे।
चूंकि जमीन जायदाद सब उसकी पत्नी के नाम से है। उसकी तहरीर पर पुलिस ने मृतक के बहनोई देवरपट्टी निवासी जमील, लालगोपालगंज निवासी साबिर उसके भाई कुग्गा व बेटे जायद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही रिश्तेदार रोने बिलखने लगे। देर शाम गांव के कब्रिस्तान में ही शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। बाघराय थानाध्यक्ष टीएन पांडेय ने बताया कि कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
छह बहनों को मिला था संपत्ति में बराबर का हिस्सा
मृतका रोजन छह बहनें थीं। भाई न होने के कारण माता पिता की मौत के बाद रोजन व उसकी बहन हकीकुन, असफुननिशा, मुस्सी, बेबी, सेब्बी के नाम संपत्ति का बंटवारा हो गया। अन्य बहनों के संतान थी लेकिन रोजन निसंतान थी।
कीमती जमीन पर गड़ी थी लोगों की नजर
बाघराय थाना क्षेत्र के देवरपट्टी गांव में जेठवारा- लालगोपालगंज मार्ग पर स्थित करीब एक बीघे जमीन व मकान रोजन के नाम राजस्व अभिलेखाें में दर्ज है। कीमती जमीन पर बहुत से लोगों की नजर गड़ी थी। घटना के बाद पुलिस हर बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है।