दिलीपपुर थाना क्षेत्र के देवलहा गांव की एक महिला की शुक्रवार को संदिग्ध दशा में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नगर कोतवाली के चंपतपुर औवार पृथ्वीगंज निवासी रज्जन पांडेय ने अपनी बेटी हेमा पांडेय (27) की शादी पांच साल पहले देवलहा निवासी आशीष पांडेय के साथ किया था। रज्जन का आरोप है कि शुक्रवार की देर रात वह अपनी बेटी से फोन पर बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान फोन कट गया। एक घंटे बाद सूचना मिली कि हेमा की मौत हो गई है
।
खबर मिलते ही मायके वाले उसकी देवलहा गांव स्थित ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर घर वालों ने देखा कि हेमा के चेहरे पर चोट के निशान थे। मुंह में गिट्टी भरी थी। वे हेमा को राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर शनिवार की सुबह पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर अन्य औपचारिकताएं पूरी कीं।
हेमा के ससुराली जनों का कहना है कि वह पूरी तरह से स्वस्थ थी। देर रात बाथरूम में जाते समय वह अचानक बेहोश होकर गिर गई। जहां वह गिरी थी, वहां गिट्टियां पड़ी थीं। जिससे उसे चोट आई थी। परिजनों के मुताबिक हेमा का पति आशीष आरओ प्लांट पर काम करता है। उसके दो बेटे हैं।