woman died due to corona, 28 tested positive including cmo in pratapgarh
प्रतापगढ़। अंतू इलाके की कोरोना संक्रमित वृद्धा ने इलाज के दौरान एसआरएन में दम तोड़ दिया। इधर, दो दिनों के भीतर जिले में सीएमओ समेत 28 लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ ने खुद को आइसोलेट करते हुए संपर्क में आने वाले सभी कर्मचारियों से जांच कराने की अपील की है।
अंतू थाना क्षेत्र के बझान गांव निवासी कमला देवी (70) की तबीयत चार दिनों पहले खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें एसआरएन में भर्ती कराया गया था। यहां जांच के दौरान पता चला कि कमला देवी कोरोना पॉजिटिव हैं। इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। प्रशासन ने शव का प्रयागराज में ही अंतिम संस्कार करवा दिया। इधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर अरविंद कुमार श्रीवास्तव भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। वह होम आइसोलेशन में चले गए हैं।
इसके अलावा शहर की एक महिला व एक युवक, पट्टी में तीन लोग, लक्ष्मणपुर में एक, रानीगंज व गौरा में दो-दो लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉक्टर एके श्रीवास्तव ने बताया कि बीते सोमवार को प्रयागराज में एडी की मीटिंग थी। उसमें वह डीपीएम के साथ शामिल हुए थे। मीटिंग के बाद कौशांबी सीएमओ ने जांच कराई तो वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद मैंने खुद की जांच कराई तो रिपोर्ट पाजिटिव आई। सीएमओ ने अपने ड्राइवर, डीपीएम समेत संपर्क में आने वाले सभी लोगों से जांच कराने की अपील की है।