woman dead body found in well in very suspicious condition
कुंडा। संदिग्ध दशा में चार दिन पहले गायब हुई विवाहिता का शव कुएं में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, विवाहिता की मौत से परिजनों में चीखपुकार मच गई है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के जसौली गांव निवासी बबिता सरोज (20) पुत्री राजेश का विवाह दिसंबर 2020 में संग्रामगढ़ के रतीपुर गांव निवासी कमल पुत्र रामआधार के साथ हुआ था। करीब एक महीने पहले बबिता ससुरालियों से नाराज होकर मायके चली आई। जिसके बाद से वह मायके में थी। बीते 13 फरवरी को वह अचानक गायब हो गई।
मायके के लोगों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। 15 फरवरी को मायकेवालों ने थाने में उसके गायब होने की सूचना दी। बुधवार की दोपहर गांव के बाहर बने कुएं से बदबू उठने लगी। ग्रामीणों ने कांटा लगाया तो उसमें बबिता का शव फंस गया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाने के साथ उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।