मदाफरपुर। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के अतरसंड गौरा नहर में रविवार की सुबह एक महिला का शव मिला। शव की शिनाख्त सुलतानपुर निवासी सीमा (32) के रूप में हुई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरा नहर में रविवार की सुबह लोगों को महिला का शव दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोहड़ौर पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस के साथ ही गांव के लोग उसकी शिनाख्त करने की कोशिश करने लगे। इस बीच खबर मिली कि सुलतानपुर के जमुवावा की एक महिला शनिवार की रात शौच के लिए निकली थी तब से वह लापता है। नहर में महिला का शव मिलने की खबर पर परिजन अतरसंड गौरा पहुंचे। उन लोगों ने शव की शिनाख्त सीमा गुप्ता के रूप में की। मृतका के पति जीतलाल ने बताया कि सीता शनिवार की शाम शौच के लिए निकली थी। घर से कुछ दूरी पर शारदा सहायक जौनपुर जलशाखा गुजरी है। नहर में इन दिनों पानी छोड़ा गया है। पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि परिवार के लोग फिसलने से नहर में गिरने की आशंका जता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।