प्रतापगढ़। कंधई इलाके में तीन दिन पहले दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शिकायत पर पुलिस ने पीड़िताओं की चाची समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। दोनों बहनों को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
कंधई थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 मई की शाम दो सगी बहने अपने घर में अकेले थीं। परिवार के लोग आवश्यक काम से बाहर गए थे। मौका देख पड़ोस के दो युवकों ने अपने घर की महिलाओं की मदद से उनके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले की शिकायत 13 मई को पीड़ित बहनों के परिजनों ने पुलिस से की।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने छानबीन के बाद लड़कियों की चाची केवला देवी पत्नी संतलाल, मालती देवी पत्नी सत्यनारायण, कृष्णा पुत्र राकेश व मनीष शर्मा पुत्र हीरालाल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को मेडिकल के लिए भेज दिया। मेडिकल पूरा न हो पाने के कारण दोनों बहनों को महिला थाने में रखा गया है। पीड़ित बहनों के मुताबिक उनके भाई को रंजिश में एक वर्ष पहले पीटकर भगा दिया गया था। तब से वह अपने घर पर नहीं रह रहा। परिवार के लोग भी पड़ोसियों से भयभीत रहते हैं।
इस बाबत एसओ रामनरेश यादव ने बताया कि घटना पूरी तरह से संदिग्ध है। एक वर्ष पहले सगी बहनों का भाई पड़ोस की एक किशोरी को भगा ले गया था। इसी को लेकर विवाद चल रहा है। उनका भाई घर नहीं आता है।