बैंक में गलत आईडी जमा करने के कारण कई गैस उपभोक्ताओं के खाते लिंकअप नहीं हो सके हैं। इस वजह से सिलेंडर लेने के बाद भी उनके खाते में सब्सिडी अभी तक नहीं पहुंची है। परेशान ग्राहक एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं।
डीबीटीएल योजना के तहत ग्राहकों को गैस सब्सिडी के लिए एजेंसी के बाद बैंक में आधार कार्ड या बैंक खाता जमा करना था। जानकारी के अभाव में हजारों उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी पर दूसरी आईडी जमा की और बैंक में अन्य। इस वजह से उनका खाता बैंक से लिंकअप नहीं हो सका। जिससे सिलेंडर लेने के बाद उनके खाते में सब्सिडी नहीं पहुंची। परेशान ग्राहक सब्सिडी के लिए एजेंसी का चक्कर काट रहे हैं।
शहर के पुराना माल गोदाम रोड निवासी अर्जुन सरोज, सदर बाजार निवासी आलोक विश्वकर्मा, शिवपुरी निवासी रमेश प्रजापति समेत कई ग्राहकों ने एजेंसी पर जाकर जानकारी की। इस पर बताया गया कि उन लोगों ने बैंक में गलत आईडी लगा दी है। इस वजह से उन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिल सका है। एजेंसी संचालकों के अनुसार कुछ उपभोक्ताओं ने एजेंसी में आधार कार्ड और बैंक में खाते की फोटोकापी जमा की। इस वजह से उनका खाता लिंकअप नहीं हो सका है, जबकि ग्राहकों को एजेंसी में जमा हुई आईडी ही बैंक में भी जमा करनी है। साथ ही बैंक फार्म में खाता संख्या भी लिखना जरूरी है। खाता लिंकअप होते ही ग्राहकों के मोबाइल पर मैसेज पहुंच जाता है।