कंधई थाने के दोहरी मोड़ पर शराब सेल्समैन से लूट की सूचना पर पहुंचे एसपी अभिषेक सिंह।
- फोटो : PRATAPGARH
शराब कारोबारी के कैशियर से 4.7 लाख रुपये लूटने की खबर से सनसनी
मौके पर पहुंचे एसपी, सेल्समैन के पास से निकले पौन तीन लाख
किशुनगंज/ रखहा। शराब व्यवसायी के कैशियर से 4.7 लाख रुपये लूटने की खबर से पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ने पूछताछ की तो घटना संदिग्ध निकली। मौके पर ही तलाशी के दौरान सेल्समैन के पास से पौने तीन लाख रुपये भी मिल गए। इसके बाद पुलिस सेल्समैन को हिरासत में लेकर थाने आ गई। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। लूट की घटना फर्जी निकलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
कंधई थाना क्षेत्र के मंगरौरा निवासी अखिलेश सिंह शराब व्यवसायी हैं। उनकी इलाके में कई शराब की दुकानें हैं। दुकानों से रुपये लेकर बैंक में जमा करने की जिम्मेदारी कैशियर मेवालाल सरोज पुत्र अंबिका प्रसाद निवासी मंगरौरा के ऊपर रहती थी। शनिवार की सुबह मेवालाल करीब आधा दर्जन दुकानों से रुपये लेकर बैंक में जमा करने मदाफरपुर की ओर जा रहे थे। कंधई थाना क्षेत्र के दोहरी मोड़ के पास मेवालाल ने बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा तमंचा सटाकर 4.7 लाख रुपये लूटने की जानकारी पुलिस व अखिलेश सिंह को दी। लूट की खबर मिलने पर पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। सीओ पट्टी नवनीत नायक व कंधई थानाध्यक्ष भागकर मौके पर पहुंचे और छानबीन करने लगे। कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद व सीओ क्राइम आलोक सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक की पूछताछ में कैशियर इधर उधर की बातें करने लगा। इस बीच उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से पौने तीन लाख रुपये भी मिल गए। एसपी ने उसे थाने ले जाकर पूछताछ कर बाकी रुपये बरामद को कहा। इसके बाद पुलिस उसे लेकर थाने चली गई। जहां शराब कारोबार अखिलेश सिंह भी पहुंच गए। वे कैशियर पर शेष रुपये की बाबत जानकारी लेने लगे। खबर भेजे जाने तक कैशियर से पुलिस पूछताछ कर शेष रुपये बरामद करने के लिए परेशान थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि फर्जी लूट की सूचना देने वाले कैशियर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।