प्रमुख बाजारों और शहर के वार्डों में बांस के सहारे बिछाए गए तारों का मकड़जाल खत्म होगा। उनकी जगह अब एबीसी केबल लगाए जाएंगे। इससे लोकल फॉल्ट व तारों के टूटने की समस्या खत्म होगी। इसके लिए डेढ़ करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। दीपावली के बाद कार्य शुरू होगा।
शहर में बाबागंज, दहिलामऊ, रूपापुर व कादीपुर विद्युत उपकेंद्र से बिजली की सप्लाई होती है। दहिलामऊ, रूपापुर व कादीपुर से जुड़े अधिकांश मोहल्लों में एबीसी केबल लगाने का काम पूरा हो चुका है। बाबागंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बाबागंज, पंजाबी मार्केट, श्याम बिहारी गली, चौक घंटाघर, गल्ला मंडी, जेल रोड सहित अन्य मोहल्लों में कार्य शुरू नहीं हो पाया। दिवाली के बाद इनमें काम शुरू होने के आसार हैं।
विज्ञापन
करीब 40 किलोमीटर पुरानी जर्जर हो चुकी एलटी लाइन बदली जाएंगी। जेई अरविंद कुमार ने बताया कि पुरानी एलटी लाइन को जल्द ही एबीसी केबल में तब्दील किया जाएगा। इससे बिजली व्यवस्था बेहतर होगी।
एबीसी लाइन के फायदे - लोकल फॉल्ट की समस्या से छुटकारा। - कटियामारी पर लगेगा अंकुश। - हवा चलने पर आपस में नहीं टकराएंगे तार। - कम होगा तारों के टूटने का खतरा। - वर्जन
तारों का मकड़जाल होने की वजह से आए दिन लोकल फॉल्ट की दिक्कत बनी रहती है। एबीसी केबल लगने से तार के टूटकर गिरने का खतरा कम होगा। इससे हादसे भी कम होंगे। - अभिषेक ओझा, गाजी चौराहा -
पुरानी एलटी लाइन जर्जर हो चुकी है। कई बार तार टूटने की घटनाएं हो चुकी है। एबीसी लाइन बिछने के बाद यह दिक्कत दूर हो जाएगी।
- उमाशंकर सिंह, सियाराम कॉलोनी