शहर के पूर्वी सहोदरपुर मोहल्ले में नगर पालिका की जलापूर्ति दबंग की करतूत से बंद होने की खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होते ही नपा प्रशासन हरकत में आया। बुधवार को जलकल प्रभारी मौके पर पहुंचे और बाधित जलापूर्ति प्रारंभ कराई। चेतावनी दी कि यदि ऐसा दुबारा किया गया तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बतादें कि शहर के पठखौली व अचलपुर वार्ड से होकर पूर्वी सहोदरपुर मोहल्ले में नगर पालिका पेयजल की सप्लाई करती है। एक माह से पूर्वी सहोदरपुर वार्ड के चार सौ से अधिक लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पठखौली वार्ड के एक दबंग ने पूर्वी सहोदरपुर की ओर आने वाली पेयजल की पाइप लाइन को अपने खेत के करीब काट दिया। इससे आगे की ओर पानी की सप्लाई ठप थी। लोगोें के समझाने का भी दबंग पर असर नहीं रहा।
इससे नगर पालिका के पेयजल सप्लाई पर आश्रित लोगों को परेशान होना पड़ रहा था। बुधवार के अंक में अमर उजाला ने यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। जिससे नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। ईओ अवधेश यादव के निर्देश पर जलकल प्रभारी दबंग की करतूत देखने पहुंचे। उन्होंने काटी गई पाइप को तत्काल बंद कराया। इसके बाद पूर्वी सहोदरपुर की ओर जाने वाली पेयजल की सप्लाई प्रारंभ हो सकी। काफी दिनों बाद लोगों के घर में सप्लाई का पानी पहुंचा तो वे खुश हो उठे।