लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से रानीगंज, पट्टी, लालगंज व सदर क्षेत्र के सैकड़ों गांव बिजली संकट से जूझ रहे हैं। विद्युत पारेषण खंड कुंडा के मानिकपुर, संग्रामगढ़, हथिगवां, बिहार विद्युत उपकेंद्रों में जलभराव के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। 48 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग खराबी दूर करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन स्थिति जस की तस है।
बारिश की वजह से कुंडा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। भीषण जलभराव के चलते मानिकपुर, संग्रामगढ़, हथिगंवा, बिहार आदि विद्युत उपकेंद्र में पानी भर गया है। इससे विद्युत आपूर्ति ठप कर दी गई है। इससे क्षेत्र के करीब तीन सौ गांव बिजली संकट से जूझ रहे हैं। दो दिनों से विभागीय कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक जलनिकासी के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लगातार बारिश होने के कारण सफलता नहीं मिल पा रही है। बिजली सप्लाई का प्रयास करते ही करंट उतरने लगता है। कई जगहों पर पेड़ विद्युत पोलों और तार पर गिर गए हैं। इससे विद्युत विभाग किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग मोबाइल तक चार्ज नहीं कर पा रहे हैं। शाम होते ही क्षेत्र में अंधेरा हो जाता है।
उधर, गौरा उपकेंद्र का फीडर फुं कने से क्षेत्र करीब तीन दर्जन गांवों के लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं। वहीं क्षेत्र के धनुहा, आमापुर बोर्रा, मधवापुर, कौलापुर, मधवापुर, रहेटुआ, कोयम, कोठरा, मीरपुर, गौरा, पटहटिया, सिलौधी, खुद, स्वरूपपुर में ट्रांसफामर फुंकने से अंधेरा छाया है। उपभोक्ता ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर कई बार उपकेंद्र एवं अधिकारियों का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन समस्या दूर नहीं हो पा रही है। वहीं पट्टी इलाके में कई जगहों पर विद्युत पोल पर पेड़ गिर गए हैं। जबकि डिक्स पंक्चर होने से भी आपूर्ति बाधित है। हरीपुर डगैता उपकेंद्र में फीडर फुंकने से करीब 40 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। जबकि बंधवा बाजार, सलाहपुर, खनिक सराय, पुरानी पट्टी, अमरगढ़ में ट्रांसफार्मर फुंकने से अंधेरा है।