जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने बुधवार को कैंप कार्यालय पर बैठक की। कर-करेत्तर राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर अफसरों की क्लास ली। समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही मिलने पर एआरटीओ को जहां चेतावनी दी, वहीं डीएफओ समेत चार को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
स्टांप वसूली की प्रगति ठीक न होने पर जिलाधिकारी ने एआईजी स्टांप, सब रजिस्ट्रार स्टांप, स्टांप लिपिक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। ओवर लोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई की प्रगति ठीक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने एआरटीओ को चेतावनी दी। ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान चलाने का निर्देश दिया।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान पाया गया कि अवैध तरीके से वृक्षों की कटान की 32 मामले पाए गए हैं। कार्रवाई एक पर भी नहीं हुई। इस पर डीएम ने डीएफओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। नगर पालिका, नगर पंचायत व तहसील क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि पर अवैध रूप से बनीं कालोनियों जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
आबकारी अधिकारी को लाइसेंसधारी दुकानों पर अवैध तरीके से शराब की बिक्री की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीराम सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।