क्षेत्र के पीपरताली दीनापुर में सोमवार की रात ससुराल से मायके पहुंची विवाहिता ने चाकू से अपना गला रेत लिया। जिससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन कर साक्ष्य संकलित किए। कमरे में मिले खून से चाकू को सुरक्षित कर लिया।
पीपरताली निवासी विनय ने अपनी 26 वर्षीय बहन गुंजन देवी की शादी बाघराय थाना क्षेत्र के मुरलीपुर मोहम्मदपुर निवासी बुद्धिराम के साथ तीन साल पहले की थी। शादी के बाद गुंजन ने एक बेटे को जन्म दिया। विनय के अनुसार गुंजन काफी दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। जिसका परिजन इलाज करा रहे थे।
सोमवार को बुद्धिराम पत्नी को मायके पहुंचाकर अपने घर चला गया। बीमार गुंजन भाई व छोटी बहन से लिपटकर रोती रही। रात में विनय अलाव के पास बैठा था। तभी गुंजन खाना बना रही अपनी छोटी बहन से चाकू मांगकर दूसरे कमरे में चली गई। कुछ देर बाद छोटी बहन उस कमरे में पहुंचते ही चीख पड़ी। परिवार के लोग दौड़कर पहुंचे। देखा तो गुंजन खून से लथपथ पड़ी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने रात में ही चौकीदार व होमगार्ड की ड्यूटी लगा दी। मंगलवार की सुबह पुलिसकर्मी फॉरेंसिक टीम लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर मिली चाकू को सुरक्षित करते हुए टीम साक्ष्य संकलित करती रही। थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र यादव ने बताया कि मृतका ने चाकू से गला रेतकर खुदकुशी की है। वह मानसिक रूप से बीमार चल रही थी।