बाबागंज विकास खंड के रायगढ़ ग्रामसभा के डिंगुर सिंह का पुरवा कुशहा संपर्क मार्ग पर गंगा एक्सप्रेस वे अंडरपास के निर्माण में मानक की अनदेखी की जा रही है। अंडरपास की कम ऊंचाई देख शुक्रवार को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम बंद करा दिया। हंगामा कर रहे लोगों ने मानक के मुताबिक अंडरपास की ऊंचाई 18 फीट करने की मांग की है। मौके पर पहुंचे कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने मानक का पालन करने का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आधा काम हो जाने के बाद ठेकेदार अब मात्र 12 फीट की ऊंचाई पर लिंटर डालने की तैयारी में है। जिससे कुसहा, बाबा का पुरवा, नैदी, कहवई पट्टी, डिंगूर सिंह का पुरवा, गौरी का पुरवा, रायगढ़ बला का पुरवा, समेत अन्य कई गांव के लोगों के सामने आने वाले समय में समस्या होगी।
ग्रामीणों के हंगामे की खबर पर कार्यदायी संस्था आईटीडी के सीनियर इंजीनियर अंकित यादव पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों को समझा कर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण निर्माण कार्य बंद कराने अड़े रहे। दूसरी तरफ आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि पुल की ऊंचाई कम होने से फसल कटाई के लिए हार्वेस्टर जैसे बड़े कृषि यंत्र नहीं निकल सकेंगे। यदि उनकी बात कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि नहीं मानते तो वे लोग जनप्रतिनिधियों व उच्च अधिकारियों से गुहार लगाएंगे।
इस दौरान धीरेंद्र कुमार यादव डीके ,भारत यादव ,कृष्ण यादव, सतीदीन लाल, रामपाल, रमाशंकर, बद्री, विशाल नाथ, राहुल, केशव कुमार, जागेशर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।