नगर पंचायत पट्टी के कान्हा गोशाला रत्तूपुर में बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गहरा गया है। चारा-पानी और इलाज के अभाव में गोवंश की मौत हो रही है।
शनिवार को गांव के प्रशांत सिंह, जितेंद्र सिंह, विनोद यादव, उमाशंकर, पुष्पेंद्र विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, हरि विश्वकर्मा, रमाशंकर यादव, राजेश विश्वकर्मा, विवेक मिश्रा, राज बहादुर सिंह ने कान्हा गोशाला के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि मृत गोवंशों को गोशाला परिसर में ही गड्ढा खोदकर जैसे-तैसे डाल दिया जाता है। इससे उठने वाली दुर्गंध और संक्रमण के चलते आसपास के लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, डीएम से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर उच्च अधिकारियों की टीम गठित करके निष्पक्ष जांच कराई जाए। सीडीओ डॉ. राम मोहन मीना ने बताया कि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को गोशाला जाकर निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। गोशाला की व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त कराई जाएंगी। संवाद