घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
धारदार हथियार से हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान प्रयागराज के स्वरूप रानी हॉस्पिटल में बुधवार की सुबह मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। अधिकारियों के आश्वासन पर परिजनों ने करीब 24 घंटे बाद गुरुवार को शाम शव का अंतिम संस्कार श्रृंगवेरपुर में कर दिया।
अंतू थाना क्षेत्र के राजापुर रैनिया गांव के शुकुलपुर निवासी राम अभिलाष शुक्ला का अपने पड़ोसियों से काफी दिनों से रंजिश चल रही है। सोमवार की देर शाम राम अभिलाष शुक्ल (72) अपने खेत में छुट्टा जानवरों की रखवाली के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में गांव के रहने वाले प्रदीप यादव, कमल देव यादव, अमरदेव यादव, मनीष यादव, मोहित यादव, रोहित यादव, बंटी यादव सहित कुछ अज्ञात लोग मिलकर रंजिश के चलते अचानक राम अभिलाष शुक्ल पर लाठी डंडे एवं धारदार हथियार से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल राम अभिलाख शुक्ल को गंभीर हालत में प्रयागराज के स्वरूप रानी हॉस्पिटल भेजा गया। मामले में अंतू पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बुजुर्ग राम अभिलाष की हालत में सुधार नहीं हुआ और बुधवार की सुबह उनकी सांसें थम गईं। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। बवाल की आशंका को लेकर बुधवार की देर शाम ही एसडीएम सदर, सीओ सिटी शिवबरन, एवं थाना ध्यक्ष अंतू जितेंद्र सिंह मृतक के घर पहुंचे।
घटना से नाराज मृतक के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। शव को घर के सामने रखकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी. आर्थिक सहायता एवं शस्त्र लाइसेंस की मांग पूरी न होने तक शव के अंतिम संस्कार से मना कर दिया। गुरुवार की सुबह फिर सभी अधिकारी फिर से मृतक के घर गए। दोपहर तक अधिकारी समझते रहे। अंततः अधिकारियों के द्वारा शीघ्र ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, एक शस्त्र लाइसेंस एवं करीब आठ लाख रुपये आर्थिक सहायता के आश्वासन पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
इस मामले में थानाध्यक्ष अंतू जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अधिकारियों के द्वारा परिजनों की मांगे माने जाने पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। तीन आरोपियों कमल देव यादव, मोहित यादव तथा प्रदीप यादव को गिरफ्तार किया गया है । शेष आरोपियो की तलाश जारी है