फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा पर बरसे प्रमोद तिवारी: देश के संविधान पर गहरी चोट पहुंचा रही है पार्टी, महंगाई समेत इन मुद्दे पर घेरा

Wed, 22 May 2024 01:52 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रतापगढ़

सार

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा में साहस हो तो वह दुनिया के सबसे बड़े इलेक्ट्राल बांड घोटाले पर देश के सामने श्वेत पत्र लाए। उन्होंने यह भी मांग उठाई कि यदि भाजपा इसका स्रोत न बताए तो सुप्रीम कोर्ट अपनी देखरेख में इस सबसे बड़े आर्थिक घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराए। 
विज्ञापन
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का भाजपा पर हमला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता और कांग्रेस के राष्ट्रीय स्टार प्रचारक प्रमोद तिवारी ने प्रतापगढ़ में भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा है कि भाजपा देश के संविधान पर गहरी चोट पहुंचाते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी लगातार हमला बोल रही है। प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह पहली सरकार है जिसने जीएसटी के जरिए कफन तक पर जजिया टैक्स की तरह जनता को भावनात्मक पीड़ा पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें चरण के चुनाव के बाद हताशा में होने के बावजूद भी संविधान को तोड़ने-मरोड़ने के अपने इरादे से देश में भय का माहौल बनाए हुए हैं। 
विज्ञापन


वहीं, उन्होंने प्रतापगढ़ में संसदीय चुनाव को लेकर भाजपा के मौजूदा सांसद संगम लाल गुप्ता पर भी हमला बोला। तिवारी विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के जेठवारा और रानीगंज के लच्छीपुर, पट्टी में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. एसपी सिंह पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभाओं में शामिल होने पहुंचे थे। शैल श्याम में प्रमोद तिवारी ने मीडिया का संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी दलों के नेताओं और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने भी डॉ. एसपी सिंह पटेल को पूर्ण समर्थन का एलान किया। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में पिछले पांच वर्षों में जब से संगम लाल गुप्ता सांसद बने हैं, विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ।

भाजपा का 13 हजार करोड़ रुपये का चंदा घोटाला

प्रमोद तिवारी ने जनता से कहा कि ऐसे सांसद को प्रचंड मतों से पराजित करके विकास और सम्मान का जिले में दौर वापस लाने के लिए गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. एसपी सिंह पटेल को सांसद बनाएं। प्रतापगढ़ के विकास के लिए यह जरूरी हो गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रयागराज, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी जहां भी राहुल गांधी और अखिलेश यादव जा रहे हैं, वहां जनता गठबंधन को लेकर सुनामी की लहर में अपना विश्वास साफ जताने के लिए उमड़ पड़ रही है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा का 13 हजार करोड़ रुपये का चंदा घोटाला यह साफ कर गया है कि भाजपा ने ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स का भय दिखाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने का भी काम किया है। उन्होंने कहा कि जिन बड़ी कंपनियों ने केंद्र सरकार से प्रोजेक्ट हासिल किया, उन्होंने भाजपा को चंदा देकर अपना एहसान चुकाया। 

विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा का चंदा घोटाला सुप्रीम कोर्ट की न्यायिक व्यवस्था में लोकतंत्र की पारदर्शिता का ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के कारण चंदा घोटाले में माल भी पकड़ा गया और आरोपी भी उजागर हो गए पर देश के लिए यह चिंताजनक है कि यह संख्या इससे भी बहुत ज्यादा है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने कहा कि अभी भी इस घोटाले के पर्दाफाश में एक साल का आंकड़ा शामिल नहीं हो सका है।
विज्ञापन

आवश्यक वस्तुएं भी लोगों की पहुंच से बाहर

उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा कि भाजपा ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की पर मोदी सरकार के बुरे दिनों ने देश की जनता को त्रस्त कर दिया। मोदी सरकार की जनता पर महंगाई की भयंकर मार के चलते पेट्रोलियम से लेकर खाद्यान्न, तेल और रसोई गैस की कीमतें तो बेतहाशा बढ़ी हैं। आवश्यक वस्तुएं भी लोगों की पहुंच से बाहर हो गई हैं। 

वहीं उन्होंने कांग्रेस की गरीब परिवार की एक महिला को एक लाख रुपये, युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार, किसानों को एमएसपी, मनरेगा श्रमिकों के मेहनताना में बढ़ोतरी, हर साल तीस लाख सरकारी नौकरियां देने, जीएसटी व्यवस्था को ठीक करने की गारंटियों को केंद्र में सरकार बनते ही फौरन प्रभावी बनाए जाने की भी बात कही। 

वहीं उन्होंने किसानों के लिए कर्जमाफी को इंडिया गठबंधन की सबसे बड़ी प्राथमिकता करार दिया। वार्ता के दौरान सपा प्रत्याशी एवं पूर्व एमएलसी डॉ. एसपी सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस और सपा जनता से जो वायदे करती है उसे पूरा करती है। क्षेत्र में शिक्षा, स्वस्थ्य और रोजगार उपलब्ध करना पहली प्राथमिकता होगी। प्रतापगढ़ में उद्योग स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खोलेंगे। 

इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी, प्रदेश महासचिव मुकुन्द तिवारी, सपा नेता संजय पाण्डेय, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, पं. श्यामकिशोर शुक्ल, डॉ. प्रशान्तदेव शुक्ल, इरफान अली, महेन्द्र शुक्ल आदि रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें