फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी बोर्ड : परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी, 8,113 केंद्रों पर होगी परीक्षा

विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 2027 में होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। बृहस्पतिवार को यूपी बोर्ड मुख्यालय, प्रयागराज में सचिव भगवती सिंह की अध्यक्षता में परिषदीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक के बाद केंद्रों की अंतिम सूची बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। पांच फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा के लिए कुल 8,113 केंद्रों के नामों पर मुहर लगी है। 2026 की परीक्षा में कुल 8,033 केंद्र बनाए गए थे।
विज्ञापन

दरअसल, 26 अक्तूबर को सॉफ्टवेयर से कुल 7,526 केंद्रों के नाम अपलोड किए गए थे। इसमें 862 राजकीय कॉलेज, 2,376 वित्तपोषित विद्यालय व 3,388 वित्तविहीन विद्यालयों को शामिल किया गया था। 16 नवंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद केंद्रों की संख्या बढ़कर 8,113 हो गई थी। इनमें 619 राजकीय, 3,383 सहायता प्राप्त व 4,111 वित्तविहीन विद्यालय शामिल थे। इसके बाद आपत्तियां मांगी गई थीं और उनका निस्तारण कर 27 नवंबर को अंतिम सूची जारी करने की बात कही गई थी लेकिन एक दिन पहले ही आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम सूची जारी कर दी गई।
प्रयागराज में सबसे ज्यादा तो शामली में महज 31 केंद्र
पिछले महीने प्रस्तावित सूची में प्रयागराज जनपद में 269 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था लेकिन अब यहां 335 केंद्र बना दिए गए हैं। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र प्रयागराज में ही बनाए गए हैं। इसी तरह सबसे कम केंद्र शामली जनपद में हैं, जहां कुल 31 कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। इनमें चार राजकीय, 18 सहायता प्राप्त और नौ वित्तविहीन स्कूल केंद्र बनाए गए हैं। लखनऊ जनपद में 119 और बरेली में 131 केंद्र हैं। बागपत जनपद में किसी भी वित्तविहीन विद्यालय को केंद्र नहीं बनाया गया है, यहां कुल 35 परीक्षा केंद्र बने हैं।
विज्ञापन

नए परीक्षा केंद्र बनाने के लिए आए 525 प्रत्यावेदन अस्वीकृत
प्रयागराज। यूपी बोर्ड मुख्यालय में हुई बैठक में 525 उन प्रत्यावेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया जिसमें नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की गई थी। इसके अलावा कुल 2,744 आपत्तियां व प्रत्यावेदन ऑनलाइन मोड में आए थे। इसमें सबसे ज्यादा शिकायतें वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय के जनपदों से मिली थी। वाराणसी से 939, प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के विभिन्न जनपदों से 798, मेरठ 463, गोरखपुर व बरेली क्षेत्रीय कार्यालय से 187 शिकायतें आई हैं। इसमें मानक से अधिक दूर केंद्र आवंटित होने के संबंध में सबसे ज्यादा 1589 शिकायतें थी। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से बताया गया कि सभी शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें