यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में 179 केंद्रों की सूची जारी की है। जिसको लेकर विद्यालयों के प्रबंधकों, छात्रों एवं अभिभावकाें ने 298 शिकायतें व आपत्तियां दर्ज कराई हैं। डीएम की अध्यक्षता वाली जनपदीय समिति दर्ज आपत्तियों व शिकायतों का निस्तारण 23 नवंबर तक करेगी। पिछली बार की अपेक्षा इस बार बोर्ड परीक्षा के 20 केंद्र कम बनाए गए हैं। बीते साल 199 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी।
बृहस्पतिवार देररात तक डीआईओएस कार्यालय पर ऑनलाइन व डाक परीक्षा केंद्रों को लेकर शिकायतें व आपत्तियां दर्ज कराई गईं। शनिवार को प्राप्त सभी आपत्तियों व शिकायतों को खोला गया। जिसमें से परीक्षा केंद्र बनाने के लिए 163 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। जबकि 135 शिकायतें धारक क्षमता से अधिक विद्यार्थियों की संख्या, परीक्षा केंद्रों की अधिक दूरी, मूलभूत सुविधाओं के अभाव और परीक्षा नहीं कराने को लेकर की गई हैं। सभी शिकायतों को मिलान के बाद डीएम की अध्यक्षता वाली जनपदीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। 23 नवंबर तक आपत्तियों व शिकायतों का निस्तारण कर बोर्ड को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद बोर्ड द्वारा फिर से परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के संबंध में कुल 298 आपत्तियां और शिकायतेंं प्राप्त हुई हैं। इनमें से 163 शिकायतें परीक्षा केंद्र बनाने एवं 135 आपत्तियां धारक क्षमता से अधिक विद्यार्थियों की संख्या, दूरी आदि को लेकर है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई होगी।
- ओमकार राणा, डीआईओएस