मंगलवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित की परीक्षा में सख्ती के चलते 5332 परीक्षार्थियों ने मैदान छोड़ दिया। पहली पाली की परीक्षा में हाईस्कूल गणित के पेपर में शहर के पीबी इंटर कालेज में दूसरी बार परीक्षा दे रहे दो परीक्षार्थी पकड़ लिए गए।
पीबी इंटर कालेज में परीक्षा का जायजा लेने पहुंचे स्टेट आब्जर्वर डायट प्राचार्य रायबरेली ने दोनों परीक्षार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्हें परीक्षा से बाहर कर दिया गया।
उत्तरपुस्तिकाएं सील कर बोर्ड को भेज दी गईं। दूसरी पाली में ही इंटर व्यवसायिक विषय में 665 पंजीकृत के सापेक्ष 33 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों की निगरानी में दिनभर सचल दल भ्रमण करते रहे।
मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल गणित व इंटर व्यवसायिक विषय की परीक्षा थी। हाईस्कूल गणित की परीक्षा में कुल 44925 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें बालक 34201 व 10725 बालिकाएं थीं। जबकि इंटर पहली पाली में ही व्यवसायिक विषयों मेें 665 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
परीक्षा सुबह 8 बजे शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों का जायजा लेने के लिए प्रदेशीय सचल दस्ते के साथ ही सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रट भ्रमण को रवाना हुए। परीक्षा केंद्रों की जांच की। पहली पाली में शहर के पीबी इंटर कालेज में आनंद वन इंटर कालेज के छात्र सतीश कुमार व अब्बुल कलाम इंटर कालेज के निसार दूसरी बार परीक्षा देते पकड़े गए।
परीक्षा का जायजा लेने पहुंचे डायट प्राचार्य राजेंद्र कुमार व एडीआईओएस डा. एसके सिंह ने परीक्षा दे रहे दोनों युवकों के फोटो व डाक्यूमेंट का मिलान किया तो दोनों पकड़ में आ गए। दोनों को परीक्षा से बाहर कर दिया गया।
उनकी उत्तरपुस्तिकाएं सील कर बोर्ड को भेज दी गईं। परीक्षा में 44925 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष कुल 5332 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पंजीकृत बालक में 34201 के सापेक्ष 4509 बालक व पंजीकृत 10725 बालिकाओं के सापेक्ष 823 बालिकाएं अनुपस्थित रहीं। इधर, पहली पाली में ही इंटर व्यवसायिक विषयों की परीक्षा में कुल 662 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 33 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
उधर, दूसरी पाली में इंटर व्यवसायिक विषय की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। दोनों पालियों की परीक्षा में सचल दल व प्रदेशीय सचल दल की टीमें भ्रमण करती रहीं। डीआईओएस सर्वदानंद ने बताया कि पीबी इंटर कालेज में दो छात्र दूसरी बार हाईस्कूल की परीक्षा दे रहे थे। निरीक्षण के दौरान उनकी हकीकत सामने आ गई। दोनों को परीक्षा से बाहर कर दिया गया। उत्तरपुस्तिकाएं सील कर बोर्ड को भेज दी गई हैं।
इनसेट---------------
आधा दर्जन परीक्षार्थी मिले संदिग्ध, प्रधानाचार्य से वेरीफिकेशन के लिए भेजा
दूसरी बार परीक्षा में बैठे आनंद वन इंटर कालेज व अब्बुल कलाम के दोनों छात्रों की पोल खुलने के बाद परीक्षा केंद्र पीबी इँटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक ने सघन निरीक्षण करना शुरू किया।
डाक्यूमेंट व प्रवेश पत्र की पड़ताल की तो आधा दर्जन परीक्षार्थी संदिग्ध पाए गए। उनके प्रवेश पत्र और आईडी में काफी अंतर मिला। केंद्र व्यवस्थापक ने संबंधित कालेज डीआईओएस को पत्र लिखा है। संबंधित कालेज प्रधानाचार्य को वेरीफिकेशन कराने की मांग की है।
जीजीआईसी से यूपी बोर्ड हाई स्कूल गणित का पेपर देकर बाहर निकलती छात्राएं।- फोटो : PRATAPGARH